डाक्टर ने महिला से फेसबुक पर दोस्ती कर शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, दो बार हुई गर्भवती, आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। मुंबई निवासी एक महिला डाक्टर से फेसबुक पर दोस्ती कर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया, जिसमें दो बार गर्भवती भी हुई। शादी की बात आई तो पीड़िता को आरोपित ने भगा दिया। एक वर्ष से थाने का चक्कर लगाने के बाद जिले की पुलिस ने एक जनवरी को प्रकरण दर्ज किया।

आरोपित को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई निवासी महिला चिकित्सक से जिले के नागदा जंक्शन के पाल्यारोड निवासी आदिल पुत्र रफीक खान ने फेसबुक पर दोस्ती की। इसके चलते महिला को आरोपित ने नागदा बुलाया। शादी का झांसा देकर कन्याशाला चौराहे स्थित राज पैलेस में रुकवाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

लगातार संबंध चलते रहे, इसके चलते दो बार महिला ने गर्भपात करवाया। नागदा मंडी थाना प्रभारी नलिन बुधौलिया ने महिला की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म व भ्रूण हत्या की धारा में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बता दें कि मुंबई निवासी पीड़िता पिछले एक वर्ष से पुलिस थाने के चक्कर लगा रही थी। पूर्व थाना प्रभारी ने मामला मुंबई का बताकर पल्ला झाड़ लिया था। पीड़िता ने वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत की। लगातार आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने का प्रयास करती रही। आखिरकार पुलिस को प्रकरण दर्ज करना पड़ा।