Vedant Samachar

स्कूलों का अवकाश अब 30 जून तक बढ़ा, शिक्षा विभाग ने बच्चों के लिए यह लिया निर्णय

Vedant samachar
2 Min Read

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार जारी हीटवेव को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य के सभी परिषदीय स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश अब 30 जून 2025 तक बढ़ा दिया गया है। पहले घोषित समर वेकेशन 20 मई से 15 जून 2025 तक था, जिसे अब 15 दिन और आगे बढ़ा दिया गया है।

हीटवेव ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
पूरब से पश्चिम तक तपती ज़मीन और झुलसाती हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। खासतौर पर बच्चों की सेहत को देखते हुए सरकार ने स्कूलों को अभी और बंद रखने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई 2025 से ही छात्र-छात्राओं की विद्यालय में नियमित उपस्थिति अनिवार्य होगी।

शिक्षकों को करनी होगी ड्यूटी, जारी रहेगा प्रशासनिक कार्य
हालांकि, विद्यालयों में 16 जून 2025 से शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी नियत समय सारिणी के अनुसार विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे शैक्षणिक, प्रशासनिक और अन्य आवश्यक कार्यों का संचालन करेंगे। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी आदेश (पत्रांक: बे.शि.प./15520-693/2024-25, दिनांक 26.12.2024) में यह निर्देश दिया गया है कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विद्यालय कार्य संचालित होते रहेंगे।

जनता में राहत की भावना
अभिभावकों और बच्चों में इस फैसले को लेकर राहत की भावना देखी जा रही है। तमाम जिलों से रिपोर्ट्स आ रही थीं कि तेज गर्मी में बच्चों के स्कूल जाने से उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। अब सभी की निगाहें 1 जुलाई पर टिकी हैं, जब पूरे राज्य में परिषदीय स्कूलों में फिर से बच्चों की चहलकदमी लौटेगी।

Share This Article