अस्पताल में भर्ती एक महिला की मौत, महिला को मारपीट में घायल होने पर करवाया था भर्ती, स्वजन ने पड़ौसी पर हत्या का लगाया आरोप

इंदौर। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में अस्पताल में भर्ती एक महिला की मौत हो गई। महिला को मारपीट में घायल होने पर भर्ती करवाया था। स्वजन ने पड़ौसी पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। घटना 31 दिसंबर को मैदान में हुई थी। यहां रहने वाली कांताबाई पति चुन्नीलाल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मंगलवार रात कांताबाई की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हमला पड़ौसी विनोद ने किया था। उससे बिजली के बिल को लेकर विवाद चल रहा था।

घटना के वक्त बेटा पानी भरने गया था। विनोद ने कांताबाई के साथ मारपीट की तो उसकी खाने की नली निकल गई। कुछ महीने पहले भी आपस में विवाद हुआ था, जिसके बाद कांताबाई को पेट में खाने की नली लगी थी। गंभीर अवस्था में थाने ले गए तो पुलिसवालों ने भी घंटों तक बैठाकर रखा। स्थिति बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाने के लिए कहा।