नई दिल्ली, 15 अप्रैल: आज बुधवार, 15 अप्रैल 2026 को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। सरकार द्वारा हाल ही में कुछ बड़े फैसले लिए जाने के बावजूद आम लोगों को राहत मिली है। तेल विपणन कंपनियों ने आज भी पुराने रेट ही लागू रखे हैं। इससे आम जनता को फिलहाल बढ़ती महंगाई के बीच थोड़ी राहत महसूस हो रही है। हालांकि, बाजार की स्थिति को देखते हुए आगे बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
वैश्विक बाजार में बढ़ी हलचल
इस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा बाजार काफी अस्थिर बना हुआ है। इसकी बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है। अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते ईरानी जहाजों को निशाना बनाने और नाकेबंदी की घोषणा की है। यह इलाका दुनिया के सबसे अहम तेल सप्लाई रूट्स में से एक माना जाता है। ऐसे में इस तनाव का असर पूरी दुनिया के तेल बाजार पर पड़ रहा है और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है।
एक्सपोर्ट ड्यूटी में बड़ी बढ़ोतरी
सरकार ने डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में भारी इजाफा किया है। अब डीजल पर 55.5 रुपये प्रति लीटर और ATF पर 42 रुपये प्रति लीटर की दर से शुल्क लगाया जा रहा है। यह बढ़ोतरी तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई है। इस फैसले का उद्देश्य घरेलू बाजार में ईंधन की उपलब्धता बनाए रखना और कीमतों को नियंत्रित करना है, ताकि आम जनता पर ज्यादा बोझ न पड़े।
हवाई किरायों और उपभोक्ताओं पर असर
ATF की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर हवाई यात्रा पर पड़ सकता है। इससे एयरलाइंस की लागत बढ़ती है, जो आगे चलकर टिकट के दामों में इजाफा कर सकती है। हालांकि सरकार का कहना है कि इन कदमों का मकसद यात्रियों और एयरलाइंस दोनों को लंबे समय में सुरक्षा देना है। पेट्रोल को अभी भी एक्सपोर्ट ड्यूटी से बाहर रखा गया है, जिससे उसकी कीमतों को स्थिर बनाए रखने में मदद मिल रही है।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के रेट
देश के अलग-अलग शहरो में पेट्रोल और डीजल के कीमतें अभी स्थिर हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपये और डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई, कोलकाता, जयपुर और पटना जैसे शहरों में भी कीमतें लगभग इसी स्तर पर बनी हुई है। वहीं, पोर्ट ब्लेयर में सबसे कम कीमतें देखी जा रही है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में यही स्थिति बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में कीमतों में बदलाव देशने को मिल सकता है।
