संजू सैमसन ने जड़ा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला शतक, 29 महीने बाद आया पहला शतक

Sanju Samson First Hundred: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पार्ल में आयोजित निर्णायक मुकाबले में संजू सैमसन (Sanju Samson) का बल्ला चला। सैमसन ने 110 गेंद का सामना करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला शतक जड़ा। सैमसन को अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने के लिए 8 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा।

तीन वनडे मैचों की सीरीज के आखिरी मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रजत पाटीदार ने अपना वनडे डेब्यू किया। वह 22 रन बनाकर आउट हुए। दो मैच में लगातार अर्धशतक जड़ने वाले साई सुदर्शन मात्र 10 रन बनाकर आउट हुए। दो विकेट जल्द गिरने के बाद संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला।

संजू सैमसन ने बल्ले से बोला हमला

संजू सैमसन ने संभलकर खेलते हुए पहले केएल राहुल (21) के साथ टीम का स्कोर बोर्ड आगे बढ़ाया। इसके बाद तिलक वर्मा (52) के साथ 136 गेंद पर 116 रन की साझेदारी की। संजू सैमसन ने धैर्य का परिचय देते हुए 110 गेंद पर अपना पहला वनडे अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा। वह 114 गेंद पर 108 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान सैमसन ने 6 चौके और 3 छक्के जड़े।

साल 2015 में किया था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू

बता दें कि संजू सैमसन ने 23 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। कई बार टीम से अंदर बाहर होने के बाद आखिरीकार 29 महीने बाद सैमसन ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा। सैमसन ने 16 वनडे मैच की 14 पारियों में 510 रन बनाए हैं। इस दौरान एक शतक और 3 अर्धशतक जड़े हैं। सैमसन ने 19 जुलाई 2015 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला टी20I मैच खेला था।