KORBA आने के लिए मिलेगा वैकल्पिक मार्ग, आसान होगी आवाजाही…गेरवाघाट पुल से पंप हाउस जोड़ने नहर रोड का निर्माण कार्य शुरू

कोरबा, 21 दिसम्बर I गेरवाघाट पुल से पंप हाऊस जोड़ने बायीं तट नहर रोड का कांक्रीटीकरण का कार्य जारी है। नगर निगम यह कार्य करा रही है। उपनगर दर्री की ओर से शहर आने यह वैकल्पिक मार्ग होगा। इस मार्ग से हल्के वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए बायीं तट नहर किनारे 3 हजार मीटर सुरक्षा दीवार बनाई है। सड़क बनने के बाद आवाजाही भी आसान हो जाएगी। हसदेव नदी पर गेरवाघाट के पास डबल लेन पुल का निर्माण होने के बाद उपनगर दर्री से शहर की दूरी 5 किलोमीटर घट गई है। पहले रूमगरा के ध्यानचंद चौक से कोहड़िया होते हुए पश्चिम क्षेत्र के लोग शहर आवाजाही करते थे।

गेरवाघाट पुल के आगे राताखार तिराहा के पास शहर के मुख्य मार्ग से सड़क जुड़ी है। गेरवाघाट पुल के पास से ही शहर के पंप हाऊस कॉलोनी जाने बायीं तट नहर किनारे कच्ची सड़क भी है। जिसे सिंचाई विभाग ने नहर की देखरेख करने आवाजाही के लिए बनाया था। इस सड़क को निगम अब हल्के वाहनों की आवाजाही के लिए कांक्रीटीकरण करा रहा है। इससे कोरबा पश्चिम क्षेत्र के लोगों को शहर आने अब एक अन्य वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। चूंकि गेरवाघाट बाइपास मार्ग पर राताखार तिराहे के पास और आगे टीपी नगर मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव रहता है। इससे कई बार जाम भी लगता है। इससे जरूरी काम से निकले लोगों को परेशानी होती है।

गेरवाघाट पुल से पंप हाऊस को जोड़ने बायीं तट नहर की सड़क बनने के बाद वैकल्पिक मार्ग से शहर आवाजाही कर सकेंगे। क्योंकि यह सड़क पंचवटी विश्राम गृह होते हुए सीएसईबी चौक पर निकलती है। इस मार्ग पर ही निगम का इंटकवेल भी है। निगम के परिवहन नगर जोन प्रभारी कार्यपालन अभियंता अखिलेश्वर प्रसाद शुक्ला ने बताया कि बायीं तट नहर रोड की लगभग डेढ़ किलोमीटर सड़क का कांक्रीटीकरण कराया जा रहा है। इससे दर्री की ओर से शहर आवाजाही के लिए लोगों को वैकल्पिक सड़क मिल जाएगी। कांक्रीट सड़क बनाने के लिए नहर रोड पर बिछाई गई गिट्टी। यहां पर नहर में कार गिरने की हो चुकी है दुर्घटना गेरवाघाट पुल के पास ही बायीं तट नहर में कार गिरने की दुर्घटना हो चुकी है।

यही कारण है कि हल्के वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पहले नहर किनारे पैराफिट वॉल का निर्माण कराया है। इसके बाद गेरवाघाट पुल से लेकर पंप हाऊस कॉलोनी तक सड़क निर्माण की बनी योजना पर काम शुरू हो गया है। गिट्टी बिछाने के बाद अब डामरीकरण का काम शुरू होगा। शहर के बीच से गुजरी बायीं तट नहर शाखा हसदेव दर्री बरॉज से निकली बायीं तट नहर कोहड़िया होते हुए पंप हाऊस, राताखार, तुलसी नगर, सुनालिया, संजय नगर, सीतामणी, ईमलीडुग्गू होते हुए भिलाईखुर्द के आगे निकलती है। 18 किलोमीटर इसकी लंबाई है। सुनालिया ज्वेलर्स से लेकर रेलवे स्टेशन जाने के लिए सीतामणी तक बायीं तट नहर रोड की सड़क का निर्माण निगम ने ही कराया है।