भोजपुरी एक्टर Brijesh Tripathi की हार्ट अटैक से मौत, 72 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

MUMBAI. एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक और दुखद खबर सामने आई है। खबर है कि भोजपुरी के सबसे वरिष्ठ कलाकार ब्रिजेश त्रिपाठी का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि 72 साल के ब्रिजेश त्रिपाठी 2 हफ्ते पहले डेंगू से पीड़ित हुए थे, जिसके बाद उनका इलाज मेरठ के एक अस्पताल में चल रहा था।

डेंगू से ठीक होने के बाद जब वह कल रात मेरठ से मुंबई अपने घर पहुंचे तो उन्हें कल रात अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया लेकिन दुर्भाग्य से डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ब्रिजेश त्रिपाठी के निधन की खबर सामने आने के बाद से पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

आपको बता दें कि ब्रिजेश त्रिपाठी को भोजपुरी का ‘गॉडफादर’ कहा जाता था. वह भोजपुरी सिनेमा से उस दौर से जुड़े हैं जब भोजपुरी में इक्का-दुक्का फिल्में ही बनती थीं। भोजपुरी सिनेमा के उस दौर से लेकर आज तक ब्रिजेश त्रिपाठी ने सैकड़ों फिल्मों में काम कर एक्टिंग के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है. उनके बिना भोजपुरी फिल्में अधूरी लगती हैं. ब्रिजेश त्रिपाठी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 11 सितंबर 1978 को हिंदी फिल्म ‘टैक्सी चोर’ से की थी, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती मुख्य भूमिका में थे और जरीना वहाब हीरोइन थीं।