कोरबा, 8 अगस्त (वेदांत समाचार)। वात्सल्य पब्लिक स्कूल, कोहड़िया में शनिवार को ‘ग्रीन डे’ के अवसर पर पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रकृति और बचपन का सुंदर संगम देखने को मिला। विद्यालय के बच्चों ने हरे रंग की पोशाक पहनकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और धरती को हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया। नन्हे हाथों से पौधे रोपते हुए बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। बच्चों ने पौधों की देखभाल करने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संदेश भी दिया।

पौधारोपण के दौरान अचानक मौसम बदला और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बारिश की फुहारों के बीच बच्चों का उत्साह और बढ़ गया। बच्चों ने रंग-बिरंगे छाते खोलकर अंब्रेला डांस किया। बारिश के बीच बच्चों की यह मनमोहक प्रस्तुति देखकर शिक्षक और अभिभावक भी आनंदित हुए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पेड़ों को जीवन का आधार बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बच्चों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

