बस्तर संभाग से चार हजार भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में होंगे शामिल

जगदलपुर, 12 दिसंबर । छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को जिम्मेदारी दी गई है। इस बीच जहां बड़े नेताओं का उनसे मिलने का सिलसिला लगातार जारी है, वहीं संगठन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए बुधवार की तारीख तय की है।

रायपुर में 13 दिसंबर को विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बस्तर संभाग से करीब 04 हजार भाजपाई रायपुर पहुंचेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इसके लिए बस्तर संभाग के स्थानीय संगठन में इसे लेकर तैयारी की जा रही है, वहीं रायपुर जाने के लिए गाड़ियों की बुकिंग भी की जा रही है। अकेले जगदलपुर से करीब 500 लोग रायपुर जाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं पगरनार मंडल से बस की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें 500 लोगों के जाने की व्यवस्था की जा रही है। कोंटा, दंतेवाड़ा व बीजापुर विधानसभा से भी करीब 01 हजार कार्यकर्ता रायपुर के लिए मंगलवार को रवाना होंगे। इधर कोंडागांव, नारायणपुर व कांकेर जिलों की 06 सीटों से भी करीब 02 हजार कार्यकर्ताओं को रायपुर भेजने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर जिलाध्यक्षों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।