MP में ‘लाड़ली’ लहर, भाजपा बहुमत के पार : रुझान में BJP 154, कांग्रेस 73 सीट पर आगे; शिवराज बोले- MP के मन में मोदी

मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 सीटों के लिए रविवार सुबह 8 बजे से काउंटिंग चल रही है। शुरुआती रुझान में BJP बहुमत के पार है। BJP 154 और कांग्रेस 73 सीटों पर आगे चल रही है। 3 सीट पर अन्य आगे हैं। जिन सीटों के रुझान आए हैं, उनमें से 41 सीटों पर बढ़त का अंतर 1 हजार से भी कम है। बहुमत के लिए 116 सीट चाहिए।

सिंगरौली से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी महापौर रानी अग्रवाल चौथे नंबर पर चल रही हैं। महाकौशल को छोड़ सभी संभागों में कांग्रेस पीछे है। महाकौशल की 38 में से 21 सीटों पर कांग्रेस आगे है।

रुझान में भाजपा को बढ़त के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ फिर सरकार बनाने जा रही है।’ उन्होंने कहा, ‘MP के मन में मोदी है और मोदी के मन में MP है।’ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ‘मुझे मध्यप्रदेश की जनता पर पूरा विश्वास है कि लोग अपना भविष्य सुरक्षित रखेंगे।’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘परिणाम आना शुरू हो गए हैं, मैं मानता हूं कि भाजपा अब तक की सर्वाधिक सीट जीतकर मध्य प्रदेश में इतिहास बनाएगी।’