उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की बड़ी कार्रवाई: 4 साल में 956 हेक्टेयर वनभूमि अतिक्रमण मुक्त, 400 से ज्यादा शिकारी गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की बड़ी कार्रवाई: 4 साल में 956 हेक्टेयर वनभूमि अतिक्रमण मुक्त, 400 से ज्यादा शिकारी गिरफ्तार…

गरियाबंद/धमतरी,06अगस्त (वेदांत समाचार) ।उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) ने वन्यजीव संरक्षण की पारंपरिक व्यवस्था से आगे बढ़ते हुए एक आधुनिक और खुफिया-आधारित “लैंडस्केप सिक्योरिटी” मॉडल विकसित किया है। पिछले चार वर्षों में नक्सल प्रभावित और दुर्गम वन क्षेत्रों में अतिक्रमण, शिकार, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, विस्फोटक, लकड़ी तस्करी और अवैध खनन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाए गए हैं। अभियान के दौरान 956 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जबकि 400 से अधिक शिकारी और वन्यजीव अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा 129 किलोग्राम गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस को सौंपा गया। अवैध हथियारों और पोटाश बमों के खिलाफ कार्रवाई में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई तथा शिकार में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक और फंदे भी बरामद किए गए। वन विभाग ने ओडिशा सीमा से जुड़े क्षेत्रों में लकड़ी तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क और नदी से अवैध रेत उत्खनन पर भी प्रभावी कार्रवाई की है। आधुनिक तकनीक, ड्रोन, सैटेलाइट इमेजरी, जीपीएस सर्वे और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से अपराधियों के पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।वन विभाग के अनुसार, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का उद्देश्य अब केवल वन्यजीव अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि वन संसाधनों के अवैध दोहन से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर संपूर्ण वन परिदृश्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।