कोरबा,06अगस्त (वेदांत समाचार)। एनटीपीसी कोरबा की नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत आयोजित जूनियर बालक अंतर जिला राज्य फुटबॉल चैम्पियनशिप का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएफए नारायणपुर ने खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता 30 जुलाई से 3 अगस्त तक एनटीपीसी कोरबा फुटबॉल मैदान में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों की आठ जिला फुटबॉल संघों की टीमों ने हिस्सा लिया।
पूरे टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। डीएफए नारायणपुर ने अपने बेहतरीन टीम वर्क, अनुशासित खेल और आक्रामक रणनीति से सभी मुकाबलों में प्रभाव छोड़ा। सेमीफाइनल चरण में डीएफए बालोद को 8-0 से हराकर टीम ने अपनी दावेदारी मजबूत की और फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 खिलाड़ियों का चयन 4 से 25 अगस्त तक आयोजित 21 दिवसीय आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। शिविर में खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी, रणनीतिक और शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।
एनटीपीसी कोरबा ने विजेता डीएफए नारायणपुर सहित सभी प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए जिला फुटबॉल संघों, प्रशिक्षकों, रेफरियों, अधिकारियों और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की। एनटीपीसी ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए निगम भविष्य में भी ऐसी पहल जारी रखेगा।

