CG News :मतदान के लिए महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों व युवाओं में दिखा उत्साह

मुंगेली,18 नवंबर । जिले में विधानसभा चुनाव में उत्सव का माहौल दिखा। मतदान में बुजुर्ग, दिव्यांग, महिलाओं सहित युवाओं नें भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। लोकतंत्र के चुनावी उत्सव में शामिल होने उत्साहित मतदाता, केन्द्रों पर सुबह से ही मतदान के लिए कतार लगा लिए थे। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे के बाद केंद्र के अंदर आए मतदाताओं ने रात तक मतदान किए।

इस बार भी मतदान केन्द्रों में बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, रैम्प आदि की बेहतर व्यवस्था की गई थी। बुजुर्ग एवं दिव्यांगजनों के लिए एनसीसी के बच्चों ने मतदान मित्र के रूप में सहयोग किया तथा पुलिस के जवानों ने भी सेवा भावना के साथ मदद की। इस दौरान युवाओं ने भी उत्साह दिखाया।

महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा ली

मुंगेली विधानसभा क्रमांक 27 में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर मतदान करने पहुंची। लंबी कतार में लगकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करती रही। ज्ञात हो चुनाव आयोग द्वारा महिलाओं को मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आदर्श मतदान केंद्र को विशेष ढंग से सजाया गया था। केंद्रों में बैठने के लिए कुर्सी, टेबल, पानी, छाया, शौचालय की व्यवस्था भी की गई थी।

बुजुर्गों ने भी निभाई भागीदारी

मुंगेली जिले के ग्राम करही की बुजुर्ग महिला थानवरी यादव आदर्श मतदान केंद्र करही के केंद्र क्रमांक 119 में वोट डालने पहुंची। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों से मतदान कर रही है। केन्द्र में रैम्प और व्हीलचेयर होने से वोट डालने में काफी सुविधा मिली है। 63 वर्षीय दिव्यांग मतदाता शेखर पात्रे ने व्हीलचेयर के सहारे स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र में पहुंचकर मतदान किया।

इसी प्रकार 80 वर्षीय प्रेमाबाई मतदान करने पहुंची। दिलचस्प बात यह है कि इनमें कई बुजुर्ग ठीक से चलने की स्थिति में नहीं थे, लेकिन मतदान केन्द्र में मिली सुविधाओं तथा दृढ़ इच्छाशक्ति ने वोट डालने के लिए प्रेरित किया। 83 वर्षीय बुजुर्ग फेरुराम साहू भी मतदान केन्द्र पहुंच कर मताधिकार के प्रयोग किए। बुजुर्गों का कहना है कि यह उनका कर्तव्य नहीं बल्कि उनका का धर्म है। हम सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए, ताकि सबकी भागीदारी के साथ समावेशी विकास सुनिश्चित हो सके।