बेमेतरा में 77 दिन बिना सूचना ड्यूटी से गायब आरक्षक बर्खास्त, एसपी त्रिलोक बंसल ने जारी किया आदेश - vedantsamachar.in

बेमेतरा में 77 दिन बिना सूचना ड्यूटी से गायब आरक्षक बर्खास्त, एसपी त्रिलोक बंसल ने जारी किया आदेश

बेमेतरा, 04 अगस्त (वेदांत समाचार)। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेमेतरा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) ने अनाधिकृत रूप से लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले आरक्षक विवेक पोद्दार को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आरक्षक के खिलाफ विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार आरक्षक विवेक पोद्दार की ड्यूटी 3 जून 2025 को बंदी पेशी के लिए लगाई गई थी, लेकिन वह बिना किसी सक्षम अनुमति और बिना विभाग को नियमानुसार सूचना दिए ड्यूटी से अनुपस्थित हो गया। वह 3 जून 2025 से 18 अगस्त 2025 तक लगातार 77 दिनों तक ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुआ।

इस दौरान विभाग की ओर से आरक्षक को कई बार नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने और तत्काल ड्यूटी पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद उसने निर्देशों का पालन नहीं किया। इसके बाद विभागीय जांच शुरू की गई, जिसमें आरक्षक को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। जांच में लगाए गए आरोप प्रमाणित पाए गए।

विभागीय जांच में आरक्षक का पूर्व सेवा रिकॉर्ड भी असंतोषजनक पाया गया। सेवा अभिलेखों के अनुसार उसे पहले भी तीन छोटी सजा और एक बड़ी विभागीय सजा दी जा चुकी थी। सुधार का अवसर देते हुए पूर्व में वेतन वृद्धि रोकने जैसी कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन इसके बाद भी उसके आचरण में अपेक्षित सुधार नहीं आया।

पुलिस विभाग के अनुसार आरक्षक अपने सेवाकाल में पांच बार अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रह चुका है। इसके अलावा उसके विरुद्ध दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और एक अन्य मामले में जिला दुर्ग में विभागीय जांच भी चल रही है। हालांकि इन मामलों का वर्तमान कार्रवाई से सीधा संबंध नहीं है, लेकिन सेवा रिकॉर्ड के आधार पर उसके अनुशासन और कार्यशैली में सुधार नहीं पाए जाने की बात सामने आई।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) ने आरक्षक की 77 दिनों की अनुपस्थिति अवधि को ‘कार्य नहीं, वेतन नहीं’ के सिद्धांत के तहत अवैतनिक घोषित किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।