शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाया, फिर किया दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाया, फिर किया दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 04 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले की पामगढ़ पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पामगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को थाना पामगढ़ क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका को मिथुन उर्फ उमेश मनहर (25 वर्ष) शादी करने का झूठा वादा कर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 316/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक तौर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया और पुलिस ने तत्काल आरोपी व नाबालिग की तलाश शुरू कर दी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पुलिस ने मामले में POCSO एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी प्रतिबद्धता के चलते पामगढ़ पुलिस ने केवल पांच दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा किया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक मंजू सिंह, आरक्षक चंद्रशेखर कैवर्त्य, महिला आरक्षक जयंती तथा थाना पामगढ़ के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।