KORBA: दुकान के सामने कचरा फेंकने पर मना किया तो की गाली-गलौच, दी जान से मारने की धमकी, दर्ज हुई एफ.आई.आर. - vedantsamachar.in

KORBA: दुकान के सामने कचरा फेंकने पर मना किया तो की गाली-गलौच, दी जान से मारने की धमकी, दर्ज हुई एफ.आई.आर.

कोरबा 03 अगस्त 2026 (वेदांत समाचार)। शहर के पावर हाउस रोड पर स्थित एक दुकान के संचालक द्वारा दुकान के सामने सड़क पर कचरा फेंका गया, जब निगम के स्वच्छता निरीक्षक ने ऐसा करने से मना किया तो दुकान संचालक ने निरीक्षक के साथ गाली-गलौच की, मेरा केाई कुछ नहीं बिगाड़ सकता यह कहते हुये निरीक्षक को जान से मारने की धमकी दी, परिणाम स्वरूप निरीक्षक द्वारा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई, अब पुलिस अपना काम करेगी।

नगर पालिक निगम कोरबा के स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा शहर में लगातार भ्रमण कर यह मानीटरिंग की जा रही है कि किसी के द्वारा सड़क, नाली, सार्वजनिक स्थल पर कचरा तो नहीं फेंका जा रहा है, यदि ऐसा करते हुये पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के ऊपर निगम अमला अर्थदण्ड करता है तथा उन्हें समझाईश देता है कि वे सार्वजनिक स्थल, सड़क, नाली पर कचरा न डालें तथा शहर को साफ-सुथरा बनाये रखने में अपना सहयोग दें। निगम के स्वच्छता निरीक्षक उत्तम दास महंत ने बताया कि 30 जुलाई को शाम लगभग 06 बजे वे अपनी नियमित मानीटरिंग के दौरान सहकर्मियों के साथ साफ-सफाई कार्यो का निरीक्षण करते हुये कोरबा के पावर हाउस रोड में स्थित राहुल बैंग हाउस दुकान के सामने पहुंचा, तो देखा कि दुकान के ठीक सामने कचरे का ढेर पड़ा हुआ था तथा राहुल बैग हाउस के संचालक अजय धामेचा द्वारा दुकान से उत्सर्जित कचरा मुख्य मार्ग में फेंका जा रहा था।

निरीक्षक उत्तमदास ने बताया कि जब उन्होने ऐसा करने से मना किया तो दुकान संचालक अजय धामेचा एवं उनके बडे़ भाई दीपक धामेचा द्वारा गाली-गलौच करते हुये उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई, उक्त घटना के समय निगम के साथी कर्मचारी सतानंद द्विवेदी, सचीन्द्र थवाईत, शैलेन्द्र नामदेव, पंकज गभेल, अजीत परमहंस आदि मौजूद थे, निरीक्षक उत्तम दास महंत ने बताया कि अजय धामेचा व दीपक धामेचा द्वारा गाली-गलौच एवं जान से मारने की धमकी देने के साथ ही यह भी कहा गया कि मेरी पहुंच इतनी है कि पूरे शहर के लोगों को ले जाकर नगर निगम कार्यालय में धुसाकर मारपीट करा दूंगा, मेरा कुछ नहीं बिगड़ सकता। स्वच्छता निरीक्षक श्री महंत द्वारा उक्त घटना क्रम की प्राथमिकी कोतवाली में दर्ज करा दी गई है, जिस पर दुकान संचालक अजय धामेचा व दीपक धामेचा के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर लिया गया है।

सार्वजनिक स्थल पर फेंका कचरा, लगा अर्थदण्ड

नगर पालिक निगम कोरबा के स्वच्छता विभाग के अमले द्वारा तानसेन चैक व्हीआईपी रोड, पावर रोड आदि में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर संबंधित लोगों द्वारा सड़क पर कचरा फेंक दिया गया है तथा गंदगी की गई है, इस पर निगम अमले ने पृथक-पृथक स्थानों पर कुल 4700 रूपये का अर्थदण्ड लगाया तथा संबंधित लोगों को समझाईश दी कि वे सड़क, नाली व सार्वजनिक स्थल पर कचरा न डालें, अपनी दुकान, प्रतिष्ठान व घर मंे ही डस्टबिन में ही कचरे को रखें तथा निगम के कचरा संग्रहण वाहन व रिक्शें में ही कचरें को दें।