‘बेटी को गोद ले लें’, PM को अपशब्द कहने वाली लड़की की मां की भावुक अपील, कहा- बच्चों के लिए Insta बैन करें - vedantsamachar.in

‘बेटी को गोद ले लें’, PM को अपशब्द कहने वाली लड़की की मां की भावुक अपील, कहा- बच्चों के लिए Insta बैन करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवादों में आई 15 वर्षीय लड़की की मां का भावुक बयान सामने आया है। समाचार एजेंसी PTI से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी बेटी के जन्मदिन पर पीएम मोदी द्वारा माफी देना उसके लिए “सबसे बड़ा उपहार” है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी नाबालिग बेटी को “नया जीवनदान” दिया है।

मां ने भावुक अपील करते हुए कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री देश के गांवों को संवारने का काम कर रहे हैं, उसी तरह उनकी बेटी का भी मार्गदर्शन करें। उन्होंने हाथ जोड़कर बेटी को “गोद लेने” जैसी भावनात्मक अपील भी की।

23 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान लड़की का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती दिखाई दी थी। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के कुछ युवा और बच्चे गुमराह हो रहे हैं तथा उन्हें सही रास्ता दिखाना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने लड़की को माफ करने की बात भी कही।

लड़की की मां ने प्रधानमंत्री से उनकी बेटी के खिलाफ दर्ज FIR रद्द कराने की अपील की है। उनका कहना है कि पुलिस की लगातार आवाजाही से उनकी बेटी मानसिक रूप से डरी हुई है और बार-बार माफी मांग रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि नोएडा पुलिस की FIR में उनकी बेटी का नाम और उम्र (25 वर्ष) गलत दर्ज की गई है।

मां ने 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उनका कहना है कि कम उम्र के बच्चे आसानी से बहकावे में आ जाते हैं और सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव का शिकार बनते हैं।

लड़की की मां ने स्वीकार किया कि उन्हें अपनी बेटी की गलती का एहसास है और पूरा परिवार इस घटना से शर्मिंदा है। उन्होंने कहा कि केवल उनकी बेटी ही नहीं, बल्कि कई बच्चे सामाजिक मर्यादा और सम्मान की अहमियत को नहीं समझते तथा दूसरों के बहकावे में आकर गलत कदम उठा लेते हैं।