शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कछौड़ में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान... - vedantsamachar.in

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कछौड़ में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान…

एमसीबी,02 अगस्त (वेदांत समाचार) । पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, एसडीओपी भरतपुर अलेक्सियुस टोप्पो के मार्गदर्शन में 31 जुलाई 2026 को थाना केल्हारी पुलिस द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कछौड़ में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, पॉक्सो एक्ट और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने की सलाह देते हुए बताया कि कम उम्र में वाहन चलाना ना केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन के लिये भी गंभीर खतरा बन सकता है। कार्यक्रम में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अज्ञात लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने और सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई साथ ही पॉक्सो एक्ट के तहत गुड टच और बैड टच की जानकारी देकर बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी अनुचित व्यवहार की सूचना तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देने के लिये प्रेरित किया गया।

इसके अलावा नशा मुक्ति विषय पर भी चर्चा करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में थाना प्रभारी केल्हारी मनीष धुर्वे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनीष साहू, सोमी वर्मा और हरीश कोरोटी उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं के साथ लगभग 200 छात्र छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कानून का पालन करने, जिम्मेदार नागरिक बनने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपयोगी और जनहितकारी कार्यक्रम के लिये थाना केल्हारी पुलिस का आभार व्यक्त किया।