‘भारत नाम सम्मान’ संगोष्ठी आयोजित

रायपुर,10 अक्टूबर  मैं भारत हूँ फाउंडेशन के तत्वावधान में “भारत नाम सम्मान” संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुये फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिजय कुमार जैन ने भारत के सांस्कृतिक नाम ‘भारत’ को पुनरप्रतिष्ठित करने के आव्हान के साथ ‘भारत जोडो, इंडिया छोड़ो’ का नारा दिया, वहीं प्रांतीय संयोजक कैलाश रारा ने बताया कि ऋषभ पुत्र भरत के नाम से विख्यात हमारा भारतवर्ष एक प्राग्वैदिक नाम है इसलिए देश के संविधान से ‘इंडिया देट इज भारत’ को हटाकर ‘भारत मीन्स भारत’ किया जाना चाहिये। एक सम्प्रभू राष्ट्र के दो नाम नहीं हो सकते।

मुख्य वक्ता गिरीश पंकज ने कहा कि भारत को मात्र भारत नाम से पुकारने से ही काम नही चलेगा। एक अनैतिकता एवं भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण से ही भारत दुनियां के सम्मुख पुनः जगद्गुरु के रूप में पुनरप्रतिष्ठित हो सकेगा। इतिहासविद रमेन्द्रनाथ मिश्रा ने अपने उदबोधन में कहा कि जब बात राष्ट्रवाद की आये तो हमे अपने संकीर्ण स्वार्थों का परित्याग कर एकता के सूत्र का परिचय देना चाहिये। पाटनी फाउंडेशन के अध्यक्ष सुरेन्द्र पाटनी के कहा कि हमारे पूज्य गुरुदेव आचार्य विद्यासागर महाराज देश के तमाम राजनेताओं एवं राष्ट्रवासीयों से विदेशियो के द्वारा निरूपित ‘इंडिया’ शब्द का परित्याग कर भारत को केवल ‘भारत’ ही बोलने का आह्वान करते हैं।

दैनिक विश्व परिवार के संपादक प्रदीप जैन ने कहा कि “जब जागो तब ही सवेरा”,अच्छे कार्य की शुरूआत कभी भी करे वह सदैव सुखद ही होती है। अन्तर्राष्ट्रीय वैश्य सम्मेलन के महामंत्री राजकुमार राठी ने कहा कि जिस प्रकार जी-20 के सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति जी ने इंडिया के स्थान पर ‘भारत’ शब्द का उपयोग किया, वह हमारे इस अभियान की सफलता की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।

संगोष्ठी में एम. राजीव सर ने युवा पीढ़ी में राष्ट्रवाद के संस्कारों को मजबूती से विकसित करने का संकल्प दोहराया, वहीं कवियत्रि पूजा अग्रवाल ने भारत नाम गौरव पर अपनी एक प्रेरणात्मक कविता का पठन किया। सर्व समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न इस संगोष्ठी का संचालन फाउंडेशन की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष निशा लढ्ढा कोलकाता के द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन भारतीय जैन संगठना की प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमति ममता जैन के द्वारा किया गया।

फाउंडेशन के द्वारा कार्यक्रम के संबंध में प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से लक्ष्मीनारायण लाहोटी, बबिता नत्थानी, उर्मिला उर्मि, अनिता खंडेलवाल, विनोद सांखला, अनिल काला, महेन्द्र सेठी, राजेन्द्र उमाठे, अजय काले, संजीव जैन, पंकज चौपडा, ऋषि गुप्ता, अशोक वैश्य, लखनलाल बानी, दिलीप पाणिग्रही, कमलनारायण वेदाचार्य, लोकेश्वर आर्य, राहुल चौबे, प्रेमशंकर गोटिया, मनमोहन सेलानी भरत जैन, यशवंत जैन, शिरीन जैन एवं संगीता साहू आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।