SA vs SL: Sanath Jayasuriya का 16 साल पुराना रिकॉर्ड चकनाचूर, Kusal Mendis ने मचाया बल्ले से तहलका

आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के चौथे मैच में साउथ अफ्रीका की भिड़ंत श्रीलंका के साथ हो रही है। बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका के सामने 429 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया है। इसके जवाब में श्रीलंका को कुशल मेंडिस ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी है। मेंडिस ने महज 25 गेंदों पर अर्धशतक ठोकते हुए सनत जयसूर्या के बड़े रिकॉर्ड को भी चकनाचूर कर डाला है।

मेंडिस ने मचाई तबाही

कुशल मेंडिस ने पाथुम निसंका के जीरो पर आउट होने के तुरंत बाद मोर्चा संभाला और साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजों की जमकर खबर ली। श्रीलंकाई बल्लेबाज ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए महज 25 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। मेंडिस ने आउट होने से पहले सिर्फ 42 गेंदों का सामना करते हुए 76 रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 180 के स्ट्राइक रेट से 4 चौके और आठ गगनचुंबी छक्के जमाए। मेंडिस ने वनडे क्रिकेट में श्रीलंका की ओर से तीसरी सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।

https://x.com/mufaddal_vohra/status/1710660649041408000?s=20

तोड़ा जयसूर्या का रिकॉर्ड

कुशल मेंडिस ने वर्ल्ड कप की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में सनत जयसूर्या को पीछे छोड़ दिया है। मेंडिस ने अपनी 76 रन की पारी के दौरान आठ छक्के जमाए। वहीं, जयसूर्या ने साल 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ खेलते हुए 7 सिक्स लगाए थे। यानी मेंडिस ने जयसूर्या का 16 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर डाला है।

साउथ अफ्रीका ने खड़ा किया रिकॉर्ड टोटल

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में जमकर बवाल काटा। क्विंटन डिकॉक और रेसी वेन डर डुसेन ने शतकीय पारी खेली। वहीं, इसके बाद एडम मार्करम ने विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक जमाया। आखिरी के ओवरों में डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन ने भी बल्ले से रंग जमाया, जिसके चलते साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 428 रन लगाए।