इंदिरा गांधी ने जो कहा था, भूपेश बघेल उसे पूरा कर रहे हैं : प्रियंका गांधी

कांकेर, 06 अक्टूबर  नगरीय निकाय व पंचायती राज महासम्मेलन में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं। आमजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय था जब जनप्रतिनिधियों की संख्या बहुत कम थी, उससे यह होता था कि जितने निर्णय लेने थे वह सभी एक जगह केंद्रित हो जाते थे। कई ऐसे कार्य होते थे जिन्हें होने में बहुत समय लगता था या कई ऐसे कार्य होते थे जिनकी जरूरत ही नहीं थी लेकिन इन सब में बहुत समय लगता था। दिल्ली जाना पड़ता था, रायपुर आना पड़ता था। जब पंचायती राज की बात हुई तब मंशा ये थी कि लोकतंत्र को गांवों तक पहुंचाया जाए। इसका मतलब है कि जो गांव का विकास है, इसका निर्णय गांव करें, गांव के ही प्रतिनिधि करें। आप सब यहां बैठे हैं, आप जानते हैं कि ग्राम पंचायत में किस तरह के काम होने हैं और किस तरह के कामों को होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आप अपने लोगों के हित में निर्णय ले सके, यही मूल बात है। लोकतंत्र की नींव पंचायत में, गांव में, नगर पालिकाओं में बसती है। आप सब की जिम्मेदारियां। इंदिरा गांधी 1972 में बस्तर में आई थी, शायद आपने वो फ़ोटो देखी होगी जिसमें वह बस्तर की महिलाओं के साथ नाच रही थी। बस्तर से मेरा बहुत पुराना नाता है। इंदिरा गांधी ने उस समय जो कहा था, भूपेश बघेल आज उसे पूरा कर रहे हैं। स्वामी आत्मानंद के नाम से आज राज्य में विद्यालय, महाविद्यालय खोले गए हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज बस्तर एक अंतरराष्ट्रीय नाम बन गया है, मॉडल बन गया है। छत्तीसगढ़ में आज देश का सबसे बड़ा मिलेट प्रोसेसिंग प्लांट है। आपका भरोसा हमारे साथ बना है। जब इंदिरा गांधी छत्तीसगढ़ आयी थी तब उन्होंने स्वामी आत्मनन्द से कहा कि शिक्षा का विकास करना है, आज भूपेश बघेल की सरकार यह कार्य कर रही है। आज आपकी सरकार आपको आगे बढ़ाने का काम कर रही है, यहां का मिलेट्स प्रोसेसिंग प्लांट एशिया का सबसे बड़ा प्लांट है।

बस्तर आज प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है, बहुत लोगो को रोजगार मिल रहा है। 60 से ज्यादा वनोपज समर्थन मूल्य पर खरीदे जा रहे हैं। इतना सारा काम आपके क्षेत्र में हो रहा है, लोग पहले यहां आने से डरते थे, हर तरफ हिंसा भय और उत्पीड़न था, आज सरकार ने इस रास्ते से आपको निकाला है। जनता की भलाई के लिए नियत की जरूरत है। इंदिरा गांधी की नीयत सही थी इसलिए आज भी उन पर भरोसा है। भूपेश बघेल पर भी भरोसा है क्योंकि उन्होंने सभी वर्ग के लिए काम किये हैं। मनरेगा योजना भी हमारी सरकार ने लायी है। आज आपके प्रदेश की चर्चा पूरे देश में है, कितना काम और कितना तेजी से विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि खेती में देशभर में किसान परेशान है, यहां का किसान खुश है कर्ज माफ किया गया है, समर्थन मूल्य में धान खरीदी हुई है। आपकी उपज के लिए अतिरिक्त लाभ मिल रहा है, प्रदेश में जितना संसाधन है उसे आपको हाथों में वापस दिया जा रहा है। भूमिहीन मजदूरों को 7 हजार रुपये आर्थिक सहायता दी जा रही है, गोबर से भी पशुपालकों को बहुत लाभ हो रहा है। हमारी सरकार ने तेंदूपत्ता का दाम 4 हजार रुपये किया। 5 लाख तक मुफ्त इलाज और सरकारी कॉलेजों में छात्राओं के लिए मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था की गई है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं का करोड़ों रुपए का कर्ज माफ किया गया। इस तरह की योजनाएं आपके लिए बनाई गई ताकि आपको सीधा लाभ मिले। आज छत्तीसगढ़ का पूरे देश मे पहचान है, सम्मान है। छत्तीसगढ़ आज सामाजिक और सांस्कृतिक तौर पर विकसित हो रहा, यहां भगवान राम 14 वर्ष बिताए, जहां समय बिताए उसका रामवनगमन पथ के रूप में विकास कर रहे हैं।