रायपुर (ग्रामीण), 13 अप्रैल 2026। थाना राखी क्षेत्रांतर्गत नया रायपुर स्थित क्रिस्टल हाउस स्कूल के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के तहत थाना राखी का दौरा कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों का थाना परिसर में आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को थाना के विभिन्न विभागों जैसे मालखाना, रिकॉर्ड कक्ष, नियंत्रण कक्ष एवं लॉकअप का अवलोकन कराया। साथ ही एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, अपराधों की जांच प्रणाली तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से समझाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं के संबंध में भी जागरूक किया। उन्होंने छात्रों को कानून का पालन करने, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्रों ने उत्सुकतापूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और प्रभावी ढंग से उत्तर दिया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें कानून और व्यवस्था के महत्व से अवगत कराना था। अंत में विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने थाना राखी पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

