कोरबा की शिक्षिका अंजु सिंह सोमवंशी को मानद डॉक्टरेट की उपाधि, शिक्षण एवं साहित्य सृजन के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान - vedantsamachar.in

कोरबा की शिक्षिका अंजु सिंह सोमवंशी को मानद डॉक्टरेट की उपाधि, शिक्षण एवं साहित्य सृजन के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान

कोरबा,31 जुलाई (वेदांत समाचार)। प्राथमिक शाला तुलसीनगर, कोरबा में पदस्थ शिक्षिका अंजु सिंह सोमवंशी को शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विद्या वाचस्पति (मानद डॉक्टरेट) की उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ द्वारा शिक्षण, साहित्य सृजन एवं शोध कार्यों में उनके उत्कृष्ट योगदान तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्जित प्रतिष्ठा को देखते हुए प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह में अंजु सिंह सोमवंशी को विद्या वाचस्पति सारस्वत सम्मान अलंकरण से विभूषित किया गया। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे कोरबा जिले के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार, पूर्व कुलपति, रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी थे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रख्यात योग गुरु हरिभाई आर्यन तथा समाजसेविका श्रुति कृति सिंह उपस्थित रहीं।

अंजु सिंह सोमवंशी ने इस सम्मान का श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों, सहयोगियों एवं विद्यार्थियों को देते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षकों, साहित्यकारों तथा क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।