नशे के खिलाफ अभियान ने बदली लोगों की जिंदगी : SP संतोष सिंह बिलासपुर

बिलासपुर, 23 सितम्बर। नशे के खिलाफ चलाया जा रहा निजात अभियान अपने उद्देश्य में सफल होता दिखाई दे रहा है। इस अभियान के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इससे बाहर निकालने के प्रयास हो रहे हैं। ये बातें स्व. लखीराम अग्रवाल आडिटोरियम में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान एसपी संतोष सिंह ने कही। अभियान के सात महीने पूरे होने के उपलक्ष्य में शार्ट फिल्म और पोस्टर का विमोचन किया गया। शुक्रवार को स्व. लखीराम अग्रवाल आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि निजात अभियान के तहत नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई लगतार कार्रवाई की गई।

साथ ही स्वयं सेवी संगठनों के सहयोग से नशे की गिरफ्त में फंस लोगों को उससे निकालने की भी कोशिश की जा रही है। इसमें काफी हद तक सफलता मिली है। अभियान ने कई परिवार की जिंदगी बदली है। एसपी सिंह ने कहा कि हर अपराध के पीछे की वजह की बात की जाए तो 40 से 50 प्रतिशत मामलों में प्रमुख कारण में नशा ही होता है।

अभियान के बाद जिले में हर तरह के अपराधिक घटनाओं में कमी आई है। अपनी जिम्मेदारी समझें, तभी जड़ से मिटेगा नशा: कलेक्टर संजीव कुमार झा पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे कलेक्टर संजीव कुमार झा ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में नाबालिग नशे के गिरफ्त में आ रहे हैं। इसके लिए परिवार भी बहुत हद तक जिम्मेदार हैं।

परिवार की ये जबावदारी बनती है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें नशे के दुष्प्रभाव की जानकारr देकर समझाएं। कलेक्टर झा ने निजात अभियान की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि, इस अभियान के सार्थक नतीजे देखने को मिल रहे हैं। लोगों के सहयोग से यह अभियान अपने तय किए गए लक्ष्यों की तरफ आगे बढ़ रहा है।