गरियाबंद,30 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में पिछले 50 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब निर्माण कार्यों पर भी दिखने लगा है। उदंती नदी पर बन रहे करीब 9 करोड़ रुपये की लागत वाले पुल का एक हिस्सा तेज बहाव के बीच भरभराकर ढह गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह पुल गरियाबंद जिले के अमलीगांव को ओडिशा के चार गांवों से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। पुल के पूरा होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद थी, लेकिन लगातार बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ने से निर्माणाधीन ढांचा तेज बहाव का दबाव नहीं झेल सका।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे उदंती नदी उफान पर है। इसी दौरान तेज जलप्रवाह के कारण पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर नदी में गिर गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुल के क्षतिग्रस्त होने से परियोजना को बड़ा नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय निर्माण स्थल पर कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जांच के आदेश
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पुल गिरने के कारणों की तकनीकी जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

