रायगढ़,30 जुलाई (वेदांत समाचार)। शहर के चैतन्य नगर स्थित कृष्णा क्राउन कॉम्प्लेक्स में इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा का गुरुवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर शाखा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के आर्थिक विकास, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
कार्यक्रम में बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक (रायपुर) गौरी शंकर नायक सहित जनप्रतिनिधि, बैंक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया, जिसके बाद बैंक अधिकारियों ने नई शाखा में उपलब्ध आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं और ग्राहक हितैषी योजनाओं की जानकारी दी।
नई शाखा में ग्राहकों को बचत एवं चालू खाते खोलने की सुविधा के साथ इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, एटीएम, डिजिटल बैंकिंग, कृषि ऋण, व्यवसायिक ऋण और अन्य आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे चैतन्य नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और सुगम बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक तक सुरक्षित, पारदर्शी और सुलभ बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नई शाखा खुलने से स्थानीय व्यापारियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक गौरी शंकर नायक ने कहा कि बैंक आधुनिक तकनीक आधारित सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि रायगढ़ की यह नई शाखा ग्राहकों की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी और बैंक की सेवाओं को क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।
समारोह में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ, पवन अग्रवाल, राज्य विपणन प्रमुख एवं आईटी उत्पाद के वरिष्ठ प्रबंधक बृजेश सिंह गौतम, शाखा प्रबंधक प्रताप कुमार प्रधान, सहायक प्रबंधक जयराम दोराई, लिपिक संजय डे सहित बैंक के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा के शुभारंभ पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह शाखा रायगढ़ में वित्तीय सेवाओं के विस्तार, डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने, स्थानीय व्यापार एवं उद्योग को मजबूती प्रदान करने और आम नागरिकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

