भरोसे का सम्‍मेलन : Mallikarjun Kharge बोले- ये मोदी का गुजरात माडल नहीं

राजनांदगांव, 8 सितम्बर। छत्‍तीसगढ़ के ग्राम ठेकवा में कांग्रेस के भरोसे का सम्मेलन शुरू हो गया है। सम्‍मेलन में मुख्य अतिथि कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंच पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हाथ दिखाकर लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद राज्य गीत हुआ। मल्लिकार्जुन खरगे ने जय जोहार, जय छत्‍तीसगढ़ से संबोधन की शुरुआत की। उन्‍होंने कहा, छत्‍तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार भरोसे की सरकार है। ये गरीबों, पिछड़ों, आदिवासी और किसानों की सरकार है। ये मोदी का गुजरात माडल नहीं है। कांग्रेस पार्टी और भूपेश बघेल सरकार का माडल है।

खरगे ने कहा, छत्‍तीसगढ़ के लोगों के आशीर्वाद से मैं कांग्रेस का राष्‍टीय अध्‍यक्ष चुना गया हूं। उन्‍होंने छत्‍तीसगढ़ में ईडी-आइटी के छापे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, जब रायपुर में कांग्रेस का अधिवेशन हुआ उसी दिन पार्टी के लोगों के यहां ईडी का छापा डाला गया। ये छापे कांग्रेस के लोगों को डराने के लिए मारा गया। लेकिन छत्‍तीसगढ़ के लोग डरने वाले नहीं है। अगर हम कांग्रेस के लोग डरते तो इंदिरा गांधी, राजीव गांधी अपनी जान नहीं देते।

छत्‍तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, पूरे प्रदेश में भरोसे का सम्मेलन हो रहा है। भरोसा करना बहुत बड़ी बात है। लेकिन कांग्रेस सरकार पर जनता ने भरोसा किया है। भरोसा है, क्योंकि किसानों का कर्जा माफ किया है। 25 सौ में धान खरीदी किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जो कहा वो सरकार ने किया। कोटवारों का मानदेय दिया है।

इसके बाद सम्‍मेलन में कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष दीपक बैज ने कहा, गढ़बो छत्तीसगढ़ का सपना अभी पूरा नहीं हुआ है। इसलिए 2023 में कांग्रेस की सरकार बनाए। इसके बाद डिप्‍टी टीएस सिंहदेव ने सम्‍मेलन को संबोधित किया।