KORBA : भागवत कथा श्रवण से सात पीढ़ियों का कल्याण : प्रणव महाराज…

राजू तिवारी,दीपका-गेवरा, 13 अप्रैल (वेदांत समाचार)। दीपका स्थित दीपेश्वरी मंदिर मातृ छाया परिसर में राठौर परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखी जा रही है। यह सात दिवसीय कथा 7 अप्रैल से 14 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से “हरि इच्छा” तक संचालित हो रही है, जिसमें भागवताचार्य पंडित प्रणव महाराज श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करा रहे हैं।

कथा व्यास प्रणव महाराज ने विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रीमद्भागवत की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि जिस घर में एक बार भी भागवत कथा का आयोजन होता है, वहां की सात पीढ़ियों का कल्याण होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने पितरों के उद्धार हेतु सामर्थ्य अनुसार कथा आयोजन करने का आह्वान किया।

राठौर परिवार द्वारा अपनी माताजी के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर इस पावन कथा का आयोजन किया गया है। कथा के मुख्य यजमान हेतराम, नंदराम एवं प्रीतम राठौर हैं। आयोजक परिवार ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा श्रवण हेतु उपस्थित होने की अपील की है।

प्रतिदिन आयोजित कथा में दीपका-गेवरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और गंगा स्वरूप कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कथा स्थल पर प्रतिदिन प्रसाद वितरण एवं भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना हुआ है।