छत्तीसगढ़ में मानसून पर लगा ब्रेक हटने आसार

रायपुर ,02 सितम्बर। छत्तीसगढ़ में मानसून पर लगा ब्रेक हटने की संभावना है। जिससे उमस वाली गर्मी से अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक आज से मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। एक से दो दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग के जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। जबकि दूसरे संभागों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहा और तेज धूप रही हालांकि कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जरूर हुई है लेकिन बारिश के बाद फिर से धूप निकल गई। जिससे लोगों को उमस परेशान करने लगा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिमी हवाएं फिलहाल पर्याप्त गहराई से आ रही हैं और बादल बन रहे हैं। इसलिए प्रदेश में फिर से मानसून एक्टिव हो गया है।

मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मानसूनी द्रोणिका लगातार हिमालय की तराई में बनी हुई है। एक ऊपरी हवा का साइक्लोन सर्कुलेशन उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। जो 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है। एक द्रोणिका उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित एक चक्रवाती घेरा केंद्र से दक्षिण तटीय आंध्रप्रदेश तक 3.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। एक ऊपरी हवा का साइक्लोन सर्कुलेशन दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है। प्रदेश में आज कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने और गरज-चमक के साथ छींटें पड़ने की संभावना है।