Raksha Bandhan 2023: मानसिक रोगी महिलाएं बना रही राखियां

इंदौर। शहर के लिंबोदी क्षेत्र में स्थित होम अगेन में निवासरत मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाएं राखियां बना रही हैं। महिलाओं द्वारा बनाई गई राखियां और संदेश पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भेजा हैं। इन महिलाओं द्वारा बनाई गई राखियों को लोग खरीदकर उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं।

ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान द्वारा निराश्रित मानसिक रोगी महिलाओं के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ”होम अगेन प्रोजेक्ट” का संचालन किया जा रहा हैं। संस्था द्वारा महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उनसे राखियां बनवाई जा रही हैं। संस्था द्वारा 26 अगस्त को रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें में जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहकर इन महिलाओं से राखी बंधवाएंगे।

संस्था निदेशक अजय धवले ने बताया कि मानसिक रोगी महिलाओं को समुदाय में ही आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से होम अगेन संचालित किया जा रहा है। मानसिक रूप से अस्वस्थ और मेंटल हॉस्पिटल में रहने के बाद ठीक हुई महिलाएं, जिनको परिवार या समाज रखने के लिए तैयार नहीं है, ऐसी महिलाओं को प्रोजेक्ट ‘होम अगेन’ के माध्यम से इंदौर में पुनर्वास करने का प्रयास किया जा रहा हैं। शहर के लिंबोदी क्षेत्र में 4 घरों में 22 महिलाएं निवासरत हैं।

उन्हें घर जैसा माहौल प्रदान कर और उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा हैं। धवले ने बताया कि होम अगेन में निवासरत महिलाओं को उचित उपचार के साथ योग, कौशल प्रशिक्षण आदि गतिविधियां की जाती हैं। होम अगेन मध्य भारत का यह पहला प्रोजेक्ट है, देश के छह राज्यों में ‘होम अगेन संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे ही प्रोजेक्ट श्रीलंका व पश्चिम बंगाल में भी चल रहे हैं।