CM Shivraj ने किया स्कूटी योजना का शुभारंभ, शहडोल को नगर निगम बनाने ऐलान

शहडोल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज 23 अगस्त को शहडोल दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही जनदर्शन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इसके पहले वे जमुई हेलीपैड पर उतरे जहां अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने शहडोल के गांधी चौक से रोड शो शुरु किया, जिसमें विभिन्न संगठनों व लोगों से मिलते हुए वे सभा स्थल पालिटेक्निक मैदान पहुंचे। यहां उन्होने स्कूटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्कूलों से पहुंचे मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। अपने उद्बोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने शहडोल को नगर पालिका से नगर निगम बनाने की भी घोषणा की।

मेधावी छात्रों को देंगे स्कूटी की सौगात

स्थल पहुंचकर मुख्यमंत्री प्रदेश के 7 हजार 900 हायर सेकेंडरी स्कूलों के मेधावी छात्रों को स्कूटी की सौगात दी, जिसमे शहडोल जिले के 144 मेधावी विद्यार्थी शामिल हैं।

रोड शो निकाला

मुख्यमंत्री का लल्लू सिंह चौराहे से गांधी चौक तक लाड़ली बहनों के द्वारा बाइक रैली से स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने रोड शो के जरिए जनदर्शन किया।

naidunia
naidunia

30 हजार से ज्यादा लोगों की बैठक व्यवस्था

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जगह – जगह लोग इकट्ठा हुए। गांधी चौक में 40 सदस्यीय भाजपा कार्यकर्ताओ का दल सीएम का स्वागत किया। सभा स्थल पर में बैठने के लिए मंच के अलावा तीन डोम टेंट लगाए गए। जिसमें करीब 30 हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई। यहां 50 हजार लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद ग्राम सकरा जाएंगे और वहां स्नेह यात्रा में शामिल होकर वापस रवाना होंगे।

लोगों को भरोसा था कि मिलेगी सौगात

मुख्यमंत्री का यह दौरा विधान सभा चुनाव की तैयारी को लेकर माना जा रहा है, जिसमें शहर व जिला वासियों को बड़ी अपेक्षाएं थीं। नगर पालिका शहडाेल को नगर निगम बनाना, कृषि महाविद्यालय खोलना, हवाई यात्रा शुरु करने हवाई पट्टी का निर्माण, पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय से संभाग के अन्य कालेजों को जोड़ना, शहर में एक नया महाविद्यालय खोलने और मेडिकल कालेज में सुविधाओं का विस्तार करने जैसी जनाअपेक्षाएं हैं। लोगों को भरोसा भी है कि मुख्यमंत्री शहडोल से लगाव रखते हैं और इस दौरे में भी कोई नई सौगात देकर ही जाएंगे। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने शहडोल को नगर निगम बनाने की घोषणा की।

इतने छात्रों का किया गया चयन

जिले के सोगागपुर ब्लाक से 38 छात्र, बुढ़ार से 31 छात्र, गोहपारू से 20, जयसिंहनगर से 24 और ब्यौहारी से 31 विद्यार्थियों का चयन स्कूटी के लिए हुआ है। इसके अलावा जिले के दो विद्यालय ऐसे है जहां से तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन हुआ है। पचगांव और बरगंवा-24 में दो छात्रों के समान अंक होने से यह निर्णय लिया गया है।स्कूटी के लिए जिले के 11 बेंडारो का चयन किया गया है। योजना के तहत ई-स्कूटी के लिए 1 लाख 20 हजार और मोटर इंजन वाली स्कूटी के लिए 90 हजार की राशि विद्यार्थियों के खाते में ट्रांसफर किये गए हैं। वहीं 16 वर्ष से कम उम्र वाले विद्यार्थियों को इस योजना से बाहर रखा गया है।