CJP Protest: अभिजीत दीपके का दावा- गिरफ्तारी की आशंका, कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील - vedantsamachar.in

CJP Protest: अभिजीत दीपके का दावा- गिरफ्तारी की आशंका, कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील

नई दिल्ली,24 जुलाई : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ( Abhijit Deepke) ने दावा किया है कि उनकी टीम के कुछ सदस्यों को शुक्रवार शाम गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए यह आशंका जताते हुए अपने समर्थकों से किसी भी स्थिति में शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की है। अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि उनकी टीम के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है, तब भी समर्थकों को कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखनी चाहिए। हालांकि, उनकी ओर से किए गए इस दावे पर अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनकी टीम के कुछ सदस्यों को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया जा सकता है। इस आशंका को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल उठाए और कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है। अभिजीत दीपके ने कहा, “मुझे अभी-अभी इनपुट मिला है कि आज रात शायद कॉकरोच जनता पार्टी की टीम को गिरफ्तार किया जा सकता है। मैं सरकार से कहना चाहता हूं कि आखिर गिरफ्तारी क्यों? हम यहां शांतिपूर्वक बैठे हुए हैं और आज हमारे आंदोलन को 35 दिन हो चुके हैं। मुझे नहीं लगता कि आज़ाद भारत के इतिहास में इससे अधिक शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुआ होगा।”उन्होंने आगे कहा, “हम महात्मा गांधी के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं। बाबा साहब आंबेडकर के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं। हम संविधान के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं। आखिर आपको भारत के संविधान से क्या दिक्कत है कि आप हमें गिरफ्तार करना चाहते हैं?”

अभिजीत दीपके ने संभावित गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए सरकार को चेतावनी दी है कि आंदोलन से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई न की जाए। उन्होंने दावा किया कि ऐसी किसी भी कार्रवाई से आंदोलन और व्यापक हो सकता है। अभिजीत दीपके ने कहा, “मैं सरकार से कहना चाहता हूं कि यह गलती मत कीजिए। हमें गिरफ्तार करने की कोशिश न करें। अगर ऐसा हुआ तो आंदोलन और बड़ा होगा।” उन्होंने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया कि पहले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जबरन हटाए जाने और बाद में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई कथित पुलिस कार्रवाई के बाद आंदोलन और तेज हुआ। दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्राओं के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया और बल प्रयोग किया। उनके अनुसार, इन घटनाओं के बाद देशभर में आंदोलन को और समर्थन मिला।

अभिजीत दीपके ने बताई आगे की रणनीति

दीपके ने कहा, “मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि अगर हमारी टीम को आज रात गिरफ्तार कर लिया जाता है, तो इस आंदोलन को आगे शांतिपूर्ण तरीके से बढ़ाने की जिम्मेदारी आपकी है। मुझे आप लोगों पर पूरा भरोसा है। आप लोग कानून का पालन करने वाले लोग हैं और ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे देश को नुकसान पहुंचे।” उन्होंने आगे कहा कि यदि उनकी टीम को गिरफ्तार किया जाता है, तो समर्थक देशभर में आंदोलन को आगे बढ़ाएं, लेकिन हर स्थिति में अहिंसा और शांति बनाए रखें। दीपके ने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा या गैरकानूनी गतिविधि आंदोलन के सिद्धांतों के खिलाफ होगी। उन्होंने कहा, “अगर हमारी टीम को गिरफ्तार किया जाता है, तो आंदोलन को देश के हर कोने तक ले जाना है, लेकिन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से। जो लोग हिंसा करेंगे या गलत काम करेंगे, वे कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक नहीं हो सकते। हमें जो भी करना है, वह संविधान और कानून का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से करना है।”

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े CJP

अभिजीत दीपके ने कहा, “जंतर-मंतर पर हमारा धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।” उन्होंने सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि उन्हें राहत है कि वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी, क्योंकि 26 दिन से अधिक समय हो चुका था। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का जीवन देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित बैठक को लेकर दीपके ने कहा कि बातचीत किसी न्यूट्रल जगह पर होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के अलावा किसी अन्य प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया जाएगा।