सूरजपुर,24 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिला प्रशासन सूरजपुर एवं निकॉन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जिला पंचायत सभाकक्ष में दो दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में फोटोग्राफी के प्रति रुचि विकसित करना, आधुनिक कैमरा तकनीकों से परिचित कराना तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति के नए अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यशाला में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के कुल 135 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विजेंद्र सिंह पाटले रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में फोटोग्राफी केवल एक शौक नहीं, बल्कि करियर और अभिव्यक्ति का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। उन्होंने प्रतिभागियों से इस प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने और सीखी गई तकनीकों का रचनात्मक उपयोग करने का आह्वान किया।
दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को फोटोग्राफी के मूलभूत सिद्धांतों, कैमरा संचालन, कंपोजिशन, प्रकाश व्यवस्था, फ्रेमिंग तथा व्यावहारिक फोटोग्राफी तकनीकों का प्रशिक्षण विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित करना भी है।
इस कार्यशाला में शासकीय रेवती रमण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, पीएमश्री सेजेस नवापारा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा कन्या एवं बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के नोडल शिक्षकों की भी सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यशाला के आयोजन में समग्र शिक्षा के डीएमसी मनोज कुमार साहू, पर्यटन विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मोहन लाल साहू, गल्स कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य बुजलाल साहू, सहायक प्राध्यापक अनिल चक्रधारी, निकॉन टीम के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव अनुग्रह पुरोहित तथा ट्रेनर मोहित साहू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी विशेषज्ञ विद्यार्थियों को आधुनिक फोटोग्राफी की बारीकियों और व्यावहारिक अनुभव से अवगत करा रहे हैं।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल मीडिया, फोटोजर्नलिज्म, वन्यजीव, पर्यटन और कमर्शियल फोटोग्राफी जैसे क्षेत्रों में भविष्य के बेहतर अवसरों के लिए भी तैयार करेंगी। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों के आधार पर फील्ड प्रैक्टिकल और मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।

