ऑनलाइन खाद-कीटनाशक सप्लाई के नाम पर 5.40 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

ऑनलाइन खाद-कीटनाशक सप्लाई के नाम पर 5.40 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

खैरागढ़,24 जुलाई (वेदांत समाचार) । ऑनलाइन खाद और कृषि दवाइयां उपलब्ध कराने का झांसा देकर 5.40 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12 एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक और वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम चिखलदाह निवासी ऋषभ सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कृषि कार्य के लिए खाद और कृषि दवाइयां खरीदने के उद्देश्य से उन्होंने कुछ मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। खुद को सप्लायर बताने वाले आरोपियों ने व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिए ऑर्डर लेकर अलग-अलग किश्तों में कुल 5.40 लाख रुपये अपने बैंक खातों में जमा करा लिए।राशि प्राप्त करने के बाद आरोपियों ने न तो खाद और कृषि दवाइयों की आपूर्ति की और न ही पैसे वापस किए। बाद में उनके मोबाइल फोन भी बंद हो गए।

शिकायत की जांच में साइबर धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर थाना खैरागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण और डिजिटल ट्रेल के आधार पर पुलिस को आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर नगला लछी, थाना किसनी, जिला मैनपुरी निवासी 27 वर्षीय अनुरुद्ध कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस साइबर ठगी गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा कितने लोगों को इसी तरह निशाना बनाया गया है।