स्व. बिसाहू दास महंत की 48वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, कांग्रेस नेताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प - vedantsamachar.in

स्व. बिसाहू दास महंत की 48वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, कांग्रेस नेताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प


गेवरा-दीपका, 23 जुलाई। स्वर्गीय बिसाहू दास महंत की 48वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को नगर पालिका परिषद दीपका स्थित स्व. बिसाहू दास महंत बाल उद्यान में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री रजनीश तिवारी ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दीपका के अध्यक्ष दिलीप सिंह एवं कांग्रेस नेता तारकेश्वर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रजनीश तिवारी ने कहा कि स्व. बिसाहू दास महंत छत्तीसगढ़ के विकास के दूरदर्शी नेता, गरीबों के सच्चे हितैषी और किसानों के कल्याण के लिए समर्पित जननेता थे। उन्होंने हसदेव बांगो नहर परियोजना के माध्यम से किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का सपना देखा, जो आज भी उनके दूरदर्शी नेतृत्व की पहचान है।

उन्होंने कहा कि स्व. महंत का संपूर्ण जीवन सेवा, समर्पण, त्याग, सादगी, सत्य और संवेदनशीलता का प्रतीक रहा। उनके आदर्श और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए संकल्प लिया।