Breaking News : गर्डर मशीन मजदूरों पर गिरी, 17 की मौत

मुंबई । महाराष्ट्र के ठाणे में समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे पर सोमवार देर रात हादसा हो गया। शाहपुर के पास सरलांबे में हाईवे पर पुल निर्माण के दौरान एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से 17 मजदूरों की मौत हो गई है। हाईवे पर रात में निर्माण कार्य चल रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 1:30 बजे गर्डर मशीन 100 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गई। इसके नीचे अब भी कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है।

एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडर सारंग कुर्वे ने बताया कि रेस्क्यू का काम सुबह 5:30 बजे से जारी है। दरअसल, गर्डर मशीन का वजन काफी होने से उसे जल्दी से हटाया नहीं जा सका। सुबह करीब 8 बजे क्रेन आने के बाद ही रेस्क्यू काम में तेजी आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहपुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में 15 शव लाए जा चुके हैं।

सीएम  शिंदे बोले- स्विट्जरलैंड की कंपनी यहां काम कर रही थी, घटना की जांच होगी
इस घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यहां पर स्विट्जरलैंड की कंपनी काम कर रही थी। घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

6 महीने में 88 लोगों गंवाई जान
दिसंबर 2022 में उद्घाटन के बाद से अब तक समृद्धि एक्सप्रेस वे पर 846 हादसे हुए हैं। इनमें से 105 हादसे जानलेवा थे, जिनमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। सभी हादसों को मिलाकर 660 लोग घायल हुए हैं।
इन हादसों में से 87 हादसे गंभीर श्रेणी के थे, जिनमें 232 लोगों को गंभीर चोटें आईं, 215 सामान्य हादसे थे जिनमें 428 लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि 275 हादसे ऐसे थे जिसमें कोई घायल नहीं हुआ।

701 किमी लंबा एक्सप्रेसवे है समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे
समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे डिप्टी CM देवेन्द्र फडणवीस की महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसका नाम ‘हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे’ महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग है। यह हाइवे मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाला 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है। जो नागपुर, वाशिम, वर्धा, अहमदनगर, बुलढाणा, औरंगाबाद, अमरावती, जालना, नासिक और ठाणे समेत दस जिलों से होकर गुजरता है।

हाइवे का निर्माण कार्य तीन फेज में हो रहा है। दो फेज का काम पूरा हो चुका है। तीसरे फेज का काम ठाणे जिले में चल रहा है। यह हादसा ठाणे के शाहपुर इलाके के सरलांबे में हुआ। समृद्धि महामार्ग का निर्माण कार्य महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम कर रहा है। दिसंबर 2022 में, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरडी और नागपुर के बीच 520 किलोमीटर लंबे समृद्धि राजमार्ग के पहले चरण का उद्घाटन किया।


इसके बाद परियोजना के दूसरे चरण का उद्घाटन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने किया था। नागपुर से इगतपुरी तालुका के भारवीर गांव तक कुल 600 किलोमीटर की सड़क खोल दी गई है। फिलहाल समृद्धि हाईवे नागपुर से इगतपुरी तक चल रहा है। समृद्धि राजमार्ग का आखिरी और तीसरा चरण दिसंबर 2023 तक पूरा होने की संभावना है। यह सौ किलोमीटर का चरण है।



पिछले महीने बस हादसे में मारे गए थे 25 लोग
पिछले महीने भी समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में 25 लोग मारे गए थे। दरअसल, नागपुर से पुणे जा रही बस बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ाराजा के पास पिंपलखुटा गांव के पास टकराकर पलट गई, जिससे उसमें आग लग गई थी।
बस में 33 लोग सवार थे, जिसमें 25 की जलने से मौके पर मौत हो गई। इनमें 3 बच्चे भी शामिल थे। 8 लोगों ने बस की खिड़की का शीशा तोड़कर जान बचाई थी। यह हादसा भी रात में हुआ था।