KORBA:दो दिवसीय सीबीपी का सफल आयोजन, 60 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण

राजू तिवारी,कोरबा,12 अप्रैल (वेदांत समाचार)। डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल, गेवरा द्वारा 11 एवं 12 अप्रैल को एसईसीएल ऑफिसर्स क्लब में दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम (सीबीपी) का सफल आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोरबा और रायगढ़ जिले के छह विद्यालयों से करीब 60 शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का संचालन वेन्यू डायरेक्टर एवं विद्यालय के प्राचार्य टी. पी. राव के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डीपीएस जांजगीर-चांपा की प्राचार्या कल्पना सिंह और कृष्णा पब्लिक स्कूल इंटरनेशनल, नया रायपुर की प्राचार्या विनीता मैरल ने रिसोर्स पर्सन के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जो संवादात्मक और ज्ञानवर्धक रहे। इनमें स्वस्थ विकास, पारस्परिक संबंध, उत्तरदायी नागरिकता, लैंगिक समानता, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, भावनात्मक सुदृढ़ता, मानसिक स्वास्थ्य तथा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षताओं का विकास करना और उन्हें आधुनिक शिक्षण कौशल से सुसज्जित करना रहा।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा जिले के सीबीएसई जिला समन्वयक संजय गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास के लिए विद्यालय द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की।

अंत में प्राचार्य टी. पी. राव ने सभी रिसोर्स पर्सन एवं प्रतिभागियों के प्रति उनके योगदान और सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। यह आयोजन विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और शिक्षक सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।