Accident Breaking : ट्रक और कार की जोरदार टक्कर, उड़े परखच्चे, हादसे में चली गई एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

Accident Breaking : तिरुपति: आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के मित्तकंद्रिगा गांव में तिरुमाला की यात्रा कर लौट रहे एक ही परिवार के छह लोगों की रविवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तिरुपति-श्री कालाहस्ती के बीच उस वक्त हुई जब उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई।

रेनीगुंटा अनुभाग के पुलिस अधिकारी भव्य किशोर ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘यह दुर्घटना रविवार दोपहर करीब पौने दो बजे हुई। सभी विजयवाड़ा के कृष्णलंका इलाके के रहने वाले थे।’’ उन्होंने कहा कि वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिसमें केवल 16 वर्षीय एक लड़के की ही जान बच सकी।

लड़के के मुताबिक, उसका परिवार शुक्रवार रात करीब आठ बजे विजयवाड़ा से चला और तिरुमाला पहुंचा और रविवार सुबह-सुबह मंदिर गया। लड़के ने बताया कि यात्रा के बाद उसके परिवार ने विजयवाड़ा वापस आने के लिए यात्रा शुरू की तभी उनका वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया। लड़के के पैर में चोट लगी है, लेकिन वह ठीक है। पुलिस घटना से संबंधित अन्य जानकारी प्राप्त करने की कोशिश कर रही है, ताकि मामला दर्ज किया जा सके।