PUBG वाला प्यार, 4 बच्चों संग पाकिस्तानी महिला कर गई सीमा पार; अब प्रेमी संग गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में अवैध रूप से रह रही एक पाकिस्तानी महिला और उसके चार बच्चों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पबजी खेलते हुए महिला को भारतीय युवक से प्यार हो गया था। अपने प्रेमी से मिलने के लिए वह चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आ गई थी। पुलिस ने महिला को छिपाकर रखने वाले उसके प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेमी युवक ने महिला को ग्रेटर नोएडा में एक किराये के घर में रखा हुआ था। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी साद मिया खान ने कहा, ‘पाकिस्तानी महिला और स्थानीय व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। महिला के चार बच्चे भी पुलिस कस्टडी में हैं।’

करीब 30 साल की पाकिस्तानी महिला पबजी गेम खेलते हुए भारतीय युवक के संपर्क में आई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गेम खेलते हुए दोनों के बीच दस्ती हो गई। खान ने बताया, ‘महिला और उसके प्रेमी से पूछताछ चल रही है। पूछताछ खत्म हो जाने के बाद और भी जानकारी साझा की जा सकती है।’

एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला पिछले महीने नेपाल के रास्ते भारत आई थी। इसके बाद बस से उत्तर प्रदेश के नोएडा पहुंची। महिला और उसके बच्चे आरोपी शख्स के साथ ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में किराये के एक घर में रह रहे थे।