रायपुर, 19 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब, बिक्री की नगदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 जुलाई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के चूना भट्ठी स्थित मंदिर के पास एक युवक दोपहिया वाहन पर बैग में अवैध शराब लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रूपेश पटेल बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे में मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद हुई। जब आरोपी से शराब रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 86 पौवा और 5 अध्धी देशी शराब, बिक्री से संबंधित नगदी राशि तथा होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QT 1186 जब्त की। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूपेश पटेल (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय अनिल पटेल, निवासी आजाद चौक, सतनामी पारा, भानसोज, थाना आरंग, जिला रायपुर तथा वर्तमान पता टुरी हटरी, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 214/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

