तेहरान, 18 जुलाई। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि उसने लगातार सातवीं रात ईरान के सैन्य ठिकानों, हथियार भंडार और समुद्री सैन्य क्षमताओं पर हमले किए। अल जजीरा के मुताबिक, इन हमलों में सीरिक, बुशेहर, बंदर अब्बास, केश्म द्वीप और यज्द को निशाना बनाया गया।
उधर, ईरानी सांसद अहमद बख्शायेश अर्देस्तानी ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने जमीनी हमला किया, तो ईरान कुवैत और बहरीन में घुस जाएगा और वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को तबाह कर देगा।
दावा-होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों में विस्फोट
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों में विस्फोट हो गया। IRGC ने बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की गलत जानकारी के कारण दोनों टैंकर समुद्र में बिछी माइंस से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए।
ईरान के खुर्रमाबाद में हुए कई धमाके
ईरानी मीडिया के मुताबिक, लोरिस्तान प्रांत के खुर्रमाबाद शहर में शनिवार को कई धमाके हुए। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ये विस्फोट कुवैत से दागी गई अमेरिकी मिसाइलों के हमलों के कारण हुए।
अमेरिका से जुड़े 5 बंदरगाहों पर ईरानी हमले का खतरा
ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने शुक्रवार को दावा किया कि चाबहार बंदरगाह पर हमले के बाद ईरान जवाबी कार्रवाई में अमेरिका के सैन्य या कारोबारी हितों से जुड़े क्षेत्र के पांच प्रमुख पोर्ट्स को निशाना बना सकता है।
IRGC से जुड़ी फार्स ने जिन ठिकानों का जिक्र किया उनके नाम हैं-
जेबेल अली पोर्ट- UAE
मीना सलमान- बहरीन
शुआइबा पोर्ट- कुवैत
हमाद पोर्ट- कतर
किंग फहद इंडस्ट्रियल पोर्ट- सऊदी अरब
जॉर्डन बोला- ईरान की 10 मिसाइलें हवा में मार गिराईं
जॉर्डन की सेना ने कहा है कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने शनिवार को देश के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुई ईरान की 10 मिसाइलों को मार गिराया।
जॉर्डन ने बताया कि मिसाइलों को रोकने की कार्रवाई में कोई जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। वहीं, सेना की रॉयल इंजीनियर्स टीम प्रभावित इलाकों से मलबा हटाने और उन्हें सुरक्षित बनाने का काम शुरू कर चुकी है।
ईरानी मीडिया का दावा- अमेरिकी हमलों में दो पुल क्षतिग्रस्त
ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शनिवार को अमेरिकी हमले में बंदर अब्बास-रूदान मार्ग पर स्थित दो पुल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। साथ ही, जस्क के पास एक इलाके पर भी सैन्य हमला हुआ है। तस्नीम ने दावा किया कि इन हमलों में कई ईरानी नागरिकों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
कुवैत बोला- लगातार हो रहे ईरानी हमलों का जवाब दे रहे
कुवैत की सेना ने कहा है कि वह ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है। सेना ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा एजेंसियों के सभी निर्देशों का पालन करें और सतर्क रहें।
अल जजीरा के मुताबिक, पिछले कुछ घंटों में यह दूसरी बार है जब कुवैती सेना ने ईरान की ओर से आए मिसाइल और ड्रोन जैसे हवाई खतरों को रोकने के लिए कार्रवाई की है।

