रायपुर,17 जुलाई (वेदांत समाचार)। अभनपुर के सोनसिल्ली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में जर्जर भवन को लेकर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। उन्होंने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। लगातार हो रही बारिश के बीच सुबह से प्रदर्शनकारी हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर “नया स्कूल भवन दो” के नारे लगाते रहे।
इस पूरे प्रदर्शन के दौरान स्कूल के शिक्षक असहाय होकर कुछ दूरी पर मूकदर्शक बने रहे। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक दोनों स्कूल एक ही परिसर में दो पाली में संचालित होते हैं। दोनों भवन जर्जर हो चुके हैं और कभी भी ढह सकते हैं। लगातार बारिश के कारण भवन की स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है। उनका कहना है कि यदि पढ़ाई के दौरान किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे मासूम बच्चों की जान जोखिम में पड़ जाएगी।

