कोरबा, 17 जुलाई (वेदांत समाचार)। शहर के व्यस्त भवानी मंदिर पुल के पास शुक्रवार को नो पार्किंग क्षेत्र में तीन ट्रेलर खड़े किए जाने से भारी यातायात जाम की स्थिति बन गई। ट्रेलरों के कारण दर्री की ओर से आने वाले और कोरबा शहर की ओर जाने वाले वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे। इस दौरान कार, जीप, दोपहिया वाहन समेत एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों ट्रेलर पुल के समीप नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े थे। सड़क संकरी होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
यातायात पुलिस के एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि भवानी मंदिर पुल के पास नो पार्किंग में खड़े तीन ट्रेलरों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। प्रत्येक ट्रेलर पर ₹10-10 हजार का चालान काटा गया है। इस प्रकार कुल ₹30 हजार का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि ट्रेलरों की वजह से पुल पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसमें एक एंबुलेंस भी फंस गई थी। जाम हटाने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया।

एएसआई मनोज राठौर ने वाहन चालकों से अपील की कि शहर के व्यस्त मार्गों और नो पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहन खड़े न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

