क्लासरूम या रोमांस का अड्डा? स्कूल में शिक्षक-शिक्षिका का शर्मनाक वीडियो वायरल दोनों सस्पेंड... - vedantsamachar.in

क्लासरूम या रोमांस का अड्डा? स्कूल में शिक्षक-शिक्षिका का शर्मनाक वीडियो वायरल दोनों सस्पेंड…

कन्नौज, 16 जुलाई। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ एक शिक्षक और शिक्षिका का कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने दोनों को निलंबित कर दिया है। मामला सामने आते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने जांच कराई, जिसकी प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की जांच अभी जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला सौरिख ब्लॉक के एक कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्कूल के एक

क्लासरूम के भीतर एक महिला शिक्षिका और पुरुष शिक्षक दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों के बीच आपत्तिजनक नजदीकियां नजर आने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय कक्षा में छात्र मौजूद नहीं थे। वहीं, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया, इसे लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने पूरे मामले की जांच सौरिख के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विश्वनाथ पाठक को सौंपी। जांच के दौरान विद्यालय से जुड़े तथ्यों और वायरल वीडियो की प्रारंभिक पड़ताल की गई।

खंड शिक्षा अधिकारी की शुरुआती जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों सहायक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान एक शिक्षक को गुगरापुर ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) और दूसरे को तालग्राम बीआरसी से संबद्ध किया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

शिक्षा विभाग का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यदि विभागीय जांच में वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो सेवा नियमों के तहत दोनों शिक्षकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।