कांग्रेस विधायक दल की बैठक : मानसून सत्र में सरकार को घेरने को लेकर बनी रणनीति, नकटी गांव मामले में कांग्रेस लाएगी स्थगन प्रस्ताव - vedantsamachar.in

कांग्रेस विधायक दल की बैठक : मानसून सत्र में सरकार को घेरने को लेकर बनी रणनीति, नकटी गांव मामले में कांग्रेस लाएगी स्थगन प्रस्ताव

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। यह बैठक नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के रायपुर स्थित निवास पर आयोजित की गई। करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, रविंद्र चौबे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।विधायक दल की बैठक में मानसून सत्र के दौरान विभिन्न जनहित के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई। बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने बताया कि कांग्रेस 14 जुलाई को विधानसभा में राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी।

बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस इस बीजेपी सरकार में अविश्वास रखती है। इनके वादे झूठे हैं और इनकी सरकार में भ्रष्टाचार है। विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता परेशान है। बिजली, महंगाई, नकटी और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष हमलावर रहेगा। उन्होंने कहा कि 5 दिन का सत्र वैसे तो काफी नहीं है, लेकिन विपक्ष होने के नाते हम इसे स्वीकार करते हैं।

नकटी मामले पर कांग्रेस लाएगी स्थगन प्रस्ताव

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि चाहे जो करना पड़े, कांग्रेस अपनी बात मजबूती से रखेगी। नकटी गांव बेदखली मामले को लेकर कांग्रेस स्थगन प्रस्ताव लाएगी। इस मामले को लेकर सदन में प्रदर्शन भी होगा। सदन के साथ-साथ सड़क पर भी जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस लड़ेगी।

13 जुलाई से शुरू होगा मानसून सत्र

बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र कल यानी 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी, जिनमें वित्तीय कार्यों के साथ-साथ अन्य शासकीय कार्य भी संपादित किए जाएंगे।