CG News :प्लांट में हुए भीषण, 06 मजदूर बुरी तरह से झुलसे….

बिलासपुर, 21 मई । जिले के मस्तूरी विधानसभा के ग्राम पराघाट में संचालित राशि प्लांट में हुए भीषण हादसे में 6 मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। पीड़ितों से मिलने आम आदमी कार्यकर्ता शनिवार रात बिलासपुर के महादेव अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित मजदूरों के लिए उचित मुआवजे की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, मस्तूरी विधानसभा के ग्राम पराघाट में स्थित राशि प्लांट में शुक्रवार सुबह हादसा हो गया। ठेकेदार के कर्मचारी एक गर्म लोहे के टैंक को काटने में जुटे हुए थे। इसी दौरान टैंक में ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में काम कर रहे जितेंद्र बंजारे, दाउ सिंह ध्रुव, दिनेश सोनी, दिनेश वर्मा, अजय टंडन और दीपक वर्मा झुलस गए। इनमें दाउ ध्रुव, दीपक और दिनेश की हालत गंभीर है।

हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन ने झुलसे हुए मजदूरों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इधर प्लांट प्रबंधन ने पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी। मस्तूरी थाना प्रभारी प्रकाशकांत ने बताया कि प्लांट ने हादसे की सूचना नहीं दी, लेकिन उन्हें मीडिया के माध्यम से हादसे की जानकारी मिली है।

पीड़ित पक्ष से शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आप के प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश मिरी ने महादेव अस्पताल में पहुंचकर पीड़ित मजदूरों से मुलाकात की। उन्होंने झुलसे कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने झुलसे मजदूरों के बेहतर उपचार, मुआवजा और स्थायी नौकरी की मांग की है।