CG NEWS : निर्माण कार्य में लगे श्रमिक हुए हादसे का शिकार, जर्जर दीवार ढहने से महिला की मौत, एक का टूटा पैर

भिलाई।  चंद्रा मौर्या चौक के पास बन रहे एक अस्पताल से लगी जर्जर दीवार के ढहने से अस्पताल में निर्माण के काम में लगी एक महिला श्रमिक की मौत हो गई। वहीं उसके साथ काम कर रहे एक अन्य श्रमिक का पैर टूट गया। अस्पताल के बेसमेंट निर्माण के लिए खोदे गड्ढे में सभी श्रमिक काम कर रहे थे। इसी दौरान ये घटना हुई। मृतका के शव को चीरघर में रखवाया गया है। वहीं घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में सुपेला पुलिस ने प्राथमिकी कर जांच शुरू की है।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान बालाघाट निवासी दसमत प्रजापति (35) के रूप में की गई है। वो अपने पति तुलसीराम प्रजापति के साथ यहां पर काम करती थी। चंद्रा मौर्या चौक के पास डा. अनूप गुप्ता के अस्पताल का निर्माण चल रहा है। वहां पर कई श्रमिक काम कर रहे हैं। दरअसल, जिस जगह पर अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है, ठीक उससे चिपककर एक पुरानी जर्जर दीवार खड़ी थी। दीवार से सटाकर बेेसमेंट के लिए गड्ढा खोदा गया था। दसमत प्रजापति और एक अन्य श्रमिक मनहर नेताम (45) दीवार के पास काम कर रहे थे।

कार्य के दौरान गंभीर लापरवाही

इसी दौरान अचानक दीवार ढह गई और दोनों श्रमिक उसके नीचे दब गए। दसमत के सिर पर गंभीर चोट लगी और मनहर का पैर टूट गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दसमत की मौत हो गई। मृतका का पति ढाई महीने से यहां काम कर रहा था। दमसत अपने दो बच्चों के साथ दो सप्ताह पहले ही आई थी। वे लोग कार्यस्थल के पास ही झोपड़ी बनाकर रहते थे। घटना के बाद सुपेला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया इस कार्य के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई है। जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।