सीहोर ,08 जुलाई: बुधनी (सीहोर) मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी तहसील अंतर्गत भेरूंदा क्षेत्र से कथित “लुटेरी दुल्हन” का एक मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दलाल के माध्यम से शादी तय कराई गई और विवाह के महज तीन दिन बाद दुल्हन घर में रखे कीमती आभूषण लेकर फरार हो गई।
पीड़ित दूल्हे के परिजनों के अनुसार, विवाह कराने का भरोसा दिलाकर दलाल ने रिश्ता तय कराया था। शादी संपन्न होने के बाद परिवार ने नई दुल्हन का स्वागत किया, लेकिन तीन दिन बाद वह घर से कीमती जेवर लेकर चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में भेरूंदा थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिलने पर पीड़ित परिवार मंगलवार को सीहोर में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचा और अधिकारियों को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अपने नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। फिलहाल, मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच की प्रक्रिया जारी है।

