ACCIDENT: दर्दनाक हादसा घर पहुंचने से पहले काल बनकर आया वाहन... - vedantsamachar.in

ACCIDENT: दर्दनाक हादसा घर पहुंचने से पहले काल बनकर आया वाहन…

खैरागढ़,08 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के जलबांधा थाना क्षेत्र के ग्राम करमतरा में मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय तिहारु साहू की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार करमतरा निवासी तिहारु साहू किसी काम से जालबांधा गए थे। वहां से लौटते समय करमतरा चौक के पास गांव के ही राजू यादव के वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से तिहारु साहू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया और इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही जलबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वाहन चालक की भूमिका और हादसे की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।