भोपाल में बिना सूचना खुदाई से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, PNG सप्लाई प्रभावित; 'डायल बिफोर यू डिग' अपनाने की अपील - vedantsamachar.in

भोपाल में बिना सूचना खुदाई से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, PNG सप्लाई प्रभावित; ‘डायल बिफोर यू डिग’ अपनाने की अपील

भोपाल, 06 जुलाई । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बागमुगालिया क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान बिना पूर्व सूचना के की गई खुदाई से थिंक गैस (Think Gas) की भूमिगत गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने से गैस रिसाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते आसपास की कई आवासीय सोसायटियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति कुछ समय के लिए प्रभावित रही। हालांकि, समय रहते कंपनी की इमरजेंसी टीम के मौके पर पहुंचने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही थिंक गैस की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले गैस रिसाव को नियंत्रित किया, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत शुरू की और कुछ ही समय में प्रभावित क्षेत्रों में पीएनजी आपूर्ति को फिर से बहाल कर दिया। कंपनी की त्वरित कार्रवाई के चलते किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।

कंपनी ने बताया कि भोपाल शहर में गैस पाइपलाइन नेटवर्क वाले क्षेत्रों में जगह-जगह रूट मार्कर, चेतावनी बोर्ड और इमरजेंसी संपर्क नंबर लगाए गए हैं, ताकि खुदाई कार्य करने वाली एजेंसियां पहले से जानकारी लेकर सुरक्षित तरीके से काम कर सकें। इसके बावजूद संबंधित ठेकेदार द्वारा खुदाई शुरू करने से पहले कंपनी को कोई सूचना नहीं दी गई, जिसके कारण यह घटना हुई।

थिंक गैस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कंपनी का कहना है कि भूमिगत गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाना न केवल गैस आपूर्ति बाधित करता है, बल्कि इससे लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

कंपनी ने सभी सरकारी और निजी ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की खुदाई शुरू करने से पहले ‘डायल बिफोर यू डिग’ (Dial Before You Dig) प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन करें। इससे भूमिगत गैस पाइपलाइन समेत अन्य आवश्यक उपयोगिता सेवाओं को नुकसान से बचाया जा सकता है और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम हो जाती है।

थिंक गैस ने यह भी कहा कि भूमिगत गैस पाइपलाइन से संबंधित किसी भी जानकारी, अनुमति या आपातकालीन सहायता के लिए उसके टोल-फ्री नंबर 18001025107 पर संपर्क किया जा सकता है। कंपनी ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और खुदाई से पहले आवश्यक जानकारी लेने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।